
15 अगस्त 2011
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता शम्मी कपूर के निधन पर रविवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल तथा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शोक प्रकट किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी ने भी संवेदना जताई।
राष्ट्रपति पाटिल ने अपने शोक संदेश में कहा, "शम्मी कपूर उन प्रसिद्ध अभिनेताओं में से एक थे, जिन्होंने हिंदी सिनेमा को संवारा। उन्होंने अपने जोशीले अभिनय से हिंदी सिनेमा के दीवानों को अभिभूत किया। फिल्म देखने वालों की एक पीढ़ी उन्हें हमेशा याद करेगी। उनके निधन से फिल्म उद्योग ने एक रचनात्मक प्रतिभा को खो दिया है।"
मनमोहन सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा, "मुझे यह जानकर दुख हुआ कि शम्मी कपूर नहीं रहे। वे प्रतिभाशाली अभिनेता थे जिन्होंने लाखों लोगों का मनोरंजन किया। भारत और देश के बाहर उनके लाखों प्रशंसक हैं। उनके परिवार के दुख में मैं शामिल हूं।"
79 वर्षीय अभिनेता शम्मी कपूर प्रतिष्ठित अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के तीन बेटों में दूसरे स्थान पर थे। उन्हीं के समान प्रतिभाशाली दो भाइयों में से एक थे राज कपूर और दूसरे हैं शशि कपूर जो अस्वस्थ हैं।
अम्बिका सोनी ने कहा, "शम्मी कपूर ने लोकप्रिय सिनेमा के क्षेत्र में अभिनय कला को एक नई दिशा दी..उन्होंने संतुलित शैली व छवि के जरिए स्वस्थ मनोरंजन तथा शान से जीने का संदेश दिया।"
बॉलीवुड अभिनेता शम्मी कपूर का निधन
ज्ञात हो कि शम्मी कपूर ने वर्ष 1948 में सिनेमा जगत में एक कनिष्ठ कलाकार के रूप में प्रवेश किया था। उस समय उनका पाश्रिमिक महज 150 रुपये प्रति माह था। बतौर अभिनेता उनकी पहली फिल्म 'जीवन ज्योति' थी जो 1953 में बनी थी।
उनके कॅरियर को 1970 के दशक में विस्तार मिला। लम्बे, मजबूत कद-काठी और हरी आंखों वाले इस नायक ने कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें 'एन इवनिंग ऑफ पेरिस', 'चाइना टाउन', 'कश्मीर की कली', 'जानवर', और 'जंगली' शामिल हैं।
वे पिछले कुछ दिनों से डायलिसिस पर थे। उन्हें मुम्बई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने रविवार सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली।
शम्मी कपूर के साथ काम करने वाली अभिनेत्रियों ने उन्हें याद किया और उन्हें जिंदगी को जिंदादिली से जीने वाला व्यक्ति बताया। शर्मिला टैगोर, सायरा बानू और हेमा मालिनी ने उनके साथ काम करने के दिनों को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा याद आएंगे।
'कश्मीर की कली' से शम्मी कपूर के साथ करियर की शुरूआत करने वाली शर्मिला टैगोर ने उनके निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा, "उनमें बहुत हिम्मत थी और ऊर्जा भी। वे बेहद स्नेही व्यक्ति थे।"
'कश्मीर की कली' की शूटिंग को याद करते हुए शर्मिला ने कहा, "शूटिंग के वक्त वे अक्सर बिल्कुल अलग तरह का अभ्यास करने लगते थे। वे दाएं, फिर बाएं से आते थे और अचानक किसी ऐसे दृश्य का अभ्यास करने लगते थे, जो हमने कभी किया ही नहीं। उनके साथ काम करना बेहद मजेदार था। निर्देशक शक्ति सामंत जब उनसे इसकी वजह पूछते थे तो वे बस हंस पड़ते थे। वे जिंदगी को जिंदादिली से जीने वालों में थे और मैंने यह उनसे ही सीखा।" शर्मिला ने बाद में उनके साथ 'एन इवनिंग इन पेरिस' नामक फिल्म भी की।
शम्मी कपूर के साथ फिल्म 'जंगली' से रुपहले पर्दे पर कदम रखने वाली सायरा बानू के लिए उनके निधन की खबर किसी सदमे से कम नहीं रही। उन्होंने कहा, "शम्मी कपूर को आप मौत से नहीं जोड़ सकते। वे शाश्वत हैं। वे बेहद जिंदादिल थे। जब वे व्हीलचेयर पर थे, तब भी उनका यही स्वभाव था। वे बेहद आशावादी भी थे। हाल ही में जब हमने उनसे मुलाकात की और उनके भाई शशि कपूर के स्वास्थ्य के बारे में पूछा, जो बीमार थे तो उन्होंने कहा कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे। मैंने उन्हें कभी परेशान या चुप नहीं देखा।"
शम्मी कपूर के साथ 'अंदाज' और 'मीरा' जैसी फिल्में बनाने वाली हेमा मालिनी ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ पर लिखा, "वे अपने काम को लेकर बेहद उत्साही तथा समर्पित थे और अपना बेहतर प्रदर्शन करते थे। उनकी उपस्थिति हर जगह लोगों का ध्यान आकर्षित करती थी। उनके पास गजब की ऊर्जा थी, जो केवल फिल्मों में अभिनय तक सीमित नहीं थी।"
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का मानना है कि सदाबहार अभिनेता शम्मी कपूर के जाने से बॉलीवुड में एक खालीपन आ गया है, जबकि रितेश देशमुख ने उन्हें अब तक का सबसे स्टाइलिश अभिनेता करार दिया।
बॉलीवुड के सभी नए और पुराने अभिनेताओं ने रविवार को शम्मी कपूर के निधन पर संवेदना प्रकट की। उनके निधन के साथ ही बॉलीवुड में एक युग का अंत हो गया।
माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ‘ट्विटर’ पर अमिताभ ने लिखा, "शम्मी कपूर जी का निधन सुबह 5.15 बजे हो गया। अब मैं वहां जा रहा हूं।"
उन्होंने पुन: लिखा, "जीवन भर आशावादी और खुश रहने वाले तथा सभी से प्यार करने वाले शम्मी जी...अचानक शांत हो गए।"
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, "इस क्षति को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भोले बाबा की जय शम्मी महाराजजी। वे मेरे गुरुजी थे।"
दीपिका पादुकोण ने कहा, "वे हमारे लिए ने केवल अपनी शैली और फिल्मों बल्कि जीवन के प्रति अपने नजरिये को लेकर भी प्रेरणा के स्रोत हैं। हमें आपकी कमी महसूस होगी शम्मी अंकल।"
अभिनेता और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने कहा, "मिस्टर शम्मी कपूर इससे पहले न कभी कोई हुए और न आगे कभी होंगे।"
आफताब शिवदासानी ने कहा, "एक अन्य महान अभिनेता का निधन हो गया। वह एक सकारात्मक और खुशमिजाज इंसान थे। हम सौभाग्यशाली हैं कि उनसे बात करने का मौका मिला।"
इसके अलावा कई अन्य अभिनेताओं और अभिनेत्रियों ने शम्मी के निधन पर संवदेना प्रकट की।
विख्यात गायिका लता मंगेशकर ने बॉलीवुड अभिनेता शम्मी कपूर को बेहतरीन अभिनेता और अच्छा इंसान बताते हुए कहा कि वे शानदार गायक भी थे।
माइक्रो ब्लॉगिग साइट ‘ट्विटर’ पर अपने पोस्ट में लता ने लिखा है, "शम्मीजी के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। वे हमारे बालीवुड के बहुत बड़े अभिनेताओं में से एक थे लेकिन उससे पहले वे उत्कृष्ट इंसान थे। वे बहुत जिंदादिल और मजबूत थे।"
उन्होंने कहा, "वे वर्षो से डायलिसिस पर थे। इसके बाद भी जब हमने 2007 में अपने पिता (दीनानाथ मंगेशकर) के नाम पर उन्हें सम्मानित करने का फैसला किया तो वे बीमारी के बावजूद पुणे आए। वे बहुत अच्छे गायक थे। उन्होंने इसकी शिक्षा ली थी। वे मुझे बहन कहकर बुलाते थे। उनकी मौत से मुझे झटका लगा है। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं।"